फिलीपींस में अपहृत अध्यापकों का कोई सुराग नहीं
मनीला, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। फिलीपींस की सेना ने सोमवार को कहा कि गत मार्च में जाम्बाआंगा सिबुगी प्रांत से आतंकवादी संगठन अबू सैयाफ द्वारा अगवा किए गए तीन अध्यापकों के बारे में अब तक कोई भी सुराग नहीं है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार आतंकवादियों ने फिरौती के रूप में एक करोड़ पीसो (करीब 200,000 अमेरिकी डॉलर) की मांग की थी और ऐसा न होने पर अध्यापकों की हत्या की धमकी दी थी।
सेना के सार्वजनिक मामलों के कार्यालय के प्रमुख लेफ्टिनेंट कर्नल रोमियो ब्रॉनर जूनियर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सभी खतरों के बीच सेना बचाव अभियान आरंभ करने के लिए खुफिया जानकारियां एकत्र करने की गतिविधियां बढ़ाने का कार्य ही कर सकती है। उन्होंने कहा सेना ने खुफिया जानकारियां जुटाने का काम तेज कर दिया है।
आरंभिक रिपोर्टों में कहा गया था कि बंधकों को बासिलन ले जाया गया है। उधर शिक्षा विभाग ने सोमवार को भी कहा कि अपहृर्ताओं ने प्रांतीय संकट समिति से संपर्क किया और एक करोड़ पीसो की फिरौती नहीं देने पर अध्यापकों की हत्या की धमकी दी।
ब्रॉनर ने कहा कि अपहृर्ताओं के ठिकानों के बारे में उनके पास कोई पक्की सूचना नहीं है और उन्हें जनता के सहयोग की आवश्यकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications