रूस में स्वाइन फ्लू से पहली मौत
मास्को, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। रूस में स्वाइन फ्लू से एक महिला चिकित्सक की मौत हो गई है। देश में इस बीमारी से यह पहली मौत है।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने वेस्ती टीवी न्यूज चैनल के हवाले से खबर दी है कि बल्गारिया से लौटी महिला चिकित्सक की हालत पिछले दो सप्ताह से खराब थी। मौत से एक दिन पहले ही उसके स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने का पता चला था।
मास्को स्थित विषाणु विज्ञान संस्थान के निदेशक दमित्री लावोव ने कहा,"उनके नमूने जांच के लिए लेने के बाद तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया लेकिन हम कोई फैसला नहीं ले सके क्योंकि अगले दिन उनकी मौत हो गई।"
विश्व स्वास्थ्य संगठन(डब्लूएचओ) की ओर से पिछले शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया भर में इस बीमारी से 4,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि स्वाइन फ्लू के 295,000 मामलों की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications