मलेशिया आईएईए के निदेशक मंडल का अध्यक्ष निर्वाचित
कुआलालंपुर, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। मलेशिया को वर्ष 2009-10 के लिए अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के निदेशक मंडल का अध्यक्ष चुना गया है। मलेशियाई विदेश मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह दूसरा अवसर है जब मलेशिया को आईएईए के निदेशक मंडल का अध्यक्ष चुना गया है।
मंत्रालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मलेशिया को औपचारिक रूप से अध्यक्ष का पद सौंपने के लिए 22 सितम्बर को आईएईए के निदेशक मंडल की विशेष बैठक होगी।
आस्ट्रिया में मलेशिया के राजदूत और आईएईए में मलेशिया के प्रतिनिधियों के गवर्नर अरशद एम.हुसैन निदेशक मंडल के अध्यक्ष पद का दायित्व संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि मलेशिया वर्ष 1977-78 के सत्र में भी यह पद संभाल चुका है।
आईएईए का गठन वर्ष 1957 में एक स्वतंत्र अंतर-सरकारी संगठन के रूप में परमाणु प्रौद्योगिकी के शांतिपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था।
आईएईए के निदेशक मंडल में 35 सदस्य हैं। यह आईएईए की नीति निर्माता दो प्रमुख संस्थाओं में से एक है। आईएईए के अधिकांश नीतिगत फैसले निदेशक मंडल ही लेता है और इसकी बैठक एक वर्ष में पांच बार होती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications