अफगानिस्तान में सैनिकों की संख्या बढ़ाने पर जोर
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जनरल स्टेनली मैकक्रिस्टल ने 30 अगस्त को रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स को भेजी 66 पृष्ठों की एक लंबी आकलन रिपोर्ट में कहा है कि अफगानिस्तान के मोर्चे पर सफल होने के लिए वहां अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती करनी होगी। इस रिपोर्ट की प्रति वाशिंगटन पोस्ट को हासिल हुई है।
रिपोर्ट में कहा गया है, "इस दिशा में कोई शीघ्र पहल नहीं किए जाने एवं आतंकवाद के बढ़ते कदम को सख्ती से नहीं रोके जाने की सूरत में हमें असफलता ही हाथ लग सकती है। अफगानिस्तान में आतंकवाद को शिकस्त देना असाधारण चुनौती है।"
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पिछले सप्ताह कहा था कि उन्होंने अफगानिस्तान में सैनिकों की संख्या बढ़ाने के मसले पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है। अफगानिस्तान में सैनिकों की संख्या बढ़ाने पर जोर देने वालों में ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ एडमिरल माइक मुलेन भी शामिल हैं। उन्होंने सीनेट की एक समिति की बैठक के दौरान अपनी यह राय प्रकट की थी।
रिपोर्ट में मैकक्रिस्टल ने तालिबान की बढ़ती गतिविधियों और अफगान सरकार में बढ़ते भ्रष्टाचार का जिक्र किया है। उन्होंने भ्रष्टाचार को देश में बिगड़ते सुरक्षा परिदृश्य की वजहों में से एक करार दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications