लंदन में जरदारी और मिलिबैंड की
लंदन, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और ब्रिटिश विदेश मंत्री डेविड मिलिबैंड ने शनिवार शाम को लंदन में मुलाकात की।
समाचार पत्र 'द न्यूज' के अनुसार पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो, पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी, नेशनल असेंबली की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष अस्फंदयार वली खान, ब्रिटेन में पाकिस्तान के उच्चायुक्त वाजिद शम्सुल इस्लाम और उप उच्चायुक्त आसिफ दुर्रानी भी बैठक में उपस्थित थे।
दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों, लोकतांत्रिक पाकिस्तान के मित्रों के आगामी सम्मेलन और क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की।
जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान न्यूयार्क में लोकतांत्रिक पाकिस्तान के मित्रों के होने वाले सम्मेलन की ओर देख रहा है जिसकी अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और ब्रिटिश प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन के साथ वह सह अध्यक्षता करेंगे।
जरदारी ने कहा कि लंबे समय से जारी संघर्ष से पैदा हुई समस्याओं से उबरने में पाकिस्तान दुनिया के लोकतांत्रिक देशों के समर्थन की उम्मीद करता है।
मिलिबैंड ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और विस्थापित लोगों के पुनर्वास में हुई प्रगति की सराहना की।
लंदन के इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्ट्रेटेजिक स्टडीज में शुक्रवार को हुए जरदारी के व्याख्यान पर बैठक के दौरान चर्चा हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications