शिक्षक पर अश्लील हरकत करने का आरोप
लखनऊ, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के एक सरकारी स्कूल में एक शिक्षिका ने स्कूल परिसर में ही एक शिक्षक की चप्पलों से पिटाई कर दी। शिक्षक पर स्कूल में शराब पीकर शिक्षिका के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप है। घटना की जांच का आदेश दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुर्जा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को एक शिक्षक ने कथित तौर पर स्कूल में शराब पीकर एक शिक्षिका के साथ अश्लील हरकत की। क्रुद्ध शिक्षिका ने आरोपी शिक्षक की चप्पलों से पिटाई कर दी।
जिले की अपर बेसिक शिक्षा अधिकारी कश्मीरी देवी ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि घटना की जांच के लिए एक दल का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह बहुत गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल सूत्रों के मुताबिक पीड़िता ने जब घटना का विरोध किया तो शिक्षक ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications