अनुष्का शंकर को ब्लैकमेल करने के आरोप में व्यापारी गिरफ्तार (लीड-1)
दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने इस व्यापारी को 16 सितम्बर को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान 29 वर्षीय जुनैद के रूप में की गई है।
पुलिस ने जुनैद को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 386 के तहत गिरफ्तार कर उसे दो दिनों के लिए हिरासत में भेज दिया है। इस अपराध में अधिक से अधिक 10 वर्षो की सजा हो सकती है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जुनैद पर आईटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पंडित रविशंकर द्वारा इस सिलसिले में केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखे जाने के बाद मामला दर्ज किया गया और इसकी जांच दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा के हवाले कर दी गई।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "अभियुक्त ने अनुष्का का ई-मेल हैक करके उनकी कुछ निजी तस्वीरें चुरा ली। वह उन्हें लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इस सिलसिले में वह अब तक उन्हें कम से कम छह ई-मेल कर चुका है। उसने इन तस्वीरों की एवज में अनुष्का से 100,000 डॉलर मांगे थे।"
पंडित रविशंकर ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी ने फरवरी महीने में दक्षिणी दिल्ली स्थित एक कंपनी को अपना लेपटॉप सुधारने के लिए दिया था। इसके बाद पुलिस ने कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ की और मिली जानकारी के आधार पर जुनैद तक पहुंचने में सफल रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications