चढ़ावे में आए धन के बंटवारे के विवाद में पुजारी की जीभ काटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बांदा शहर के प्रसिद्घ प्राचीन काली देवी मंदिर में शनिवार की रात्रि 11 बजे पुजारी तुलसीदास (47) रोजाना की भांति जैसे ही आरती करने पहुंचे कि प्रबन्ध समिति के सदस्य उनसे चढ़ावे में आए धन का हिसाब-किताब मांगने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि कई लोगों की मौजूदगी में प्रबन्ध समिति सदस्यों ने पुजारी की जीभ काट कर अलग कर दी। गम्भीर हालत में पुजारी को बांदा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर कोतवाली पुलिस ने प्रबन्ध समिति के सात सदस्यों के विरूद्घ मुकदमा अपराध संख्या-948/2009 धारा-147,323,504,506 व 324 आईपीसी के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर मौर्य ने बताया, "प्रबन्ध समिति व पुजारी के मध्य चढ़ावे में आए धन के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। यह शहर का प्रसिद्घ मंदिर है। नवरात्रि के पहले दिन श्रद्घालुओं ने भारी तादाद में चढ़ावा चढ़ाया। जिसके बंटवारे को लेकर यह घटना घटित हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications