त्रिपुरा का प्रशासनिक मुख्यालय नए परिसर में स्थानांतरित
100 साल पुराने इस महल को और अन्य शाही इमारतों को अब संग्रहालय, अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुस्तकालय और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के रूप में परिवर्तित कर दिया जाएगा। अभी तक इन इमारतों में नागरिक सचिवालय, विधानसभा और विभिन्न विभागों के मुख्यालय हुआ करते थे।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने शनिवार की शाम खेजुर बागान स्थित चार मंजिली सचिवालय की नई इमारत का उद्घाटन किया। इस इमारत में 270 कमरे हैं।
इस अवसर पर सरकार ने कहा, "एक समय ऐसा था जब गरीबी के कारण माताओं ने अपने बच्चों को बेच दिया था और अपनी आजीविका के लिए बड़े पैमाने पर लोग त्रिपुरा से पलायन कर गए थे। लेकिन वाम मोर्चा सरकार के 31 वर्ष के शासनकाल के दौरान स्थितियां काफी बदल गई हैं।"
सरकार ने कहा, "लोगों को जनहितकारी सेवा और प्रशासन मुहैया कराने में आधुनिक वास्तुकला के साथ निर्मित यह विशाल इमारत सरकार की मदद करेगी, क्योंकि सभी शीर्ष और मध्यम दर्जे के अधिकारी सात विभिन्न ब्लाकों में यहां एक छत के नीचे बैठे मिलेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications