हर दिन भय सताता है, कहीं मुंबई हमले की पुनरावृत्ति न हो जाए : नारायणन
सीएनएन-आईबीएन को दिए एक साक्षात्कार में नारायणन ने जमात-उद-दावा के मुखिया और मुंबई हमलों के मुख्य आरोपी हाफिज सईद के खिलाफ पाकिस्तान द्वारा दर्ज की गई दो प्राथमिकियों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए।
मुंबई हमले की पुनरावृत्ति होने की आशंकाओं की गंभीरता पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में नारायणन ने कहा, "आप ऐसा सवाल पूछ रहे हैं जिसे लेकर मैं प्रतिदिन भयभीत रहता हूं। इस मसले को या तो मैं या फिर केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम देखते हैं।"
उन्होंने कहा, "गृह मंत्री प्रतिदिन सुरक्षा संबंधी एक बैठक लेते हैं जिसमें मैं भी रहता हूं। इसमें कई खुफिया जानकारियां सामने आती हैं। यह कहना मुश्किल है कि मुंबई जैसे हमले हो सकते हैं या नहीं, लेकिन जहां तक मैं मानता हूं हम इस बार बेहतरी के साथ इसका सामना करने को तैयार हैं।"
यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान को लेकर भी उन्हें भय लगा रहता है, इसके जवाब में उन्होंने कहा, "पाकिस्तान से नहीं लेकिन पाकिस्तान की कुछ गतिविधियों से जरूर भयभीत होता हूं क्योंकि उसकी गतिविधियां हमारे लिए मुश्किलें ही पैदा करती है।"
हाफिज सईद पर की गई पाकिस्तान पुलिस की कार्रवाई का जहां चिदम्बरम ने स्वागत किया था, वहीं नारायणन ने कहा कि इससे पाकिस्तान की कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता को लेकर विश्वसनीयता नहीं बढ़ने वाली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications