तिहाड़ जेल में दिख रही है कौमी एकता की अनूठी मिसाल
नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। नवरात्र के पावन महीने में देश के सबसे बड़े कारागार तिहाड़ जेल में मुसलमान और हिन्दू कैदियों के बीच आपसी भाईचारे और कौमी एकता की अद्भूत मिसाल देखने को मिल रही है।
रमजान के पवित्र महीने में 100 से अधिक हिन्दू कैदियों द्वारा रोजा रखने के बाद अब मुस्लिम कैदियों ने भी आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की है। हिन्दुओं केप्रसिद्ध नवरात्र पर्व शुरू होने के साथ ही 150 से अधिक मुसलमान कैदियों ने नवरात्र के पहले दिन हिन्दू कैदियों के साथ उपवास रखकर कौमी एकता की यह मिसाल पेश की है।
उल्लेखनीय है कि तिहाड़ जेल के सभी दस वार्डो में 11,000 से अधिक कैदी बंद हैं। जेल प्रशासन के अनुसार नवरात्र का प्रसिद्ध त्यौहार शुरू होने के साथ ही जेल में करीब 4000 हिन्दू कैदियों ने पहले दिन उपवास रखा। तिहाड़ के कारा क्रमांक 3, 4 और 5 में भारी सुरक्षा के बीच रखे गए कुछ कैदियों ने नवरात्र में पूरे नौ दिन तक उपवास रखने का इरादा जताया है जिनमें कुछ मुस्लिम कैदी भी शामिल हैं। त्योहार के मौसम को देखते हुए जेल के अंदर बने कैंटिनों में कैदियों के लिए फल और दूध की व्यवस्था की गई है।
तिहाड़ जेल के प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "तिहाड़ जेल में बंद मुसलमान कैदियों में से 150 से अधिक ने हिन्दू कैदियों के साथ नवरात्र का उपवास रख रहे हैं। इनमें कुछ महिला कैदी शामिल हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications