टेलीकॉम, वाहन क्षेत्र का विज्ञापन बजट घटा, बिक्री बढ़ी : एसोचैम
'विज्ञापन अभियानों का लागत-लाभ विश्लेषण' नामक एक अध्ययन में एसोचैम ने कहा कि वर्ष 2008-09 में बिक्री के अनुपात में विपणन पर होने वाले खर्च में पर्याप्त गिरावट आई है।
बहरहाल एसोचैम के अनुसार भारतीय टेलीकॉम और वाहन कंपनियां विज्ञापन और प्रचार अभियान पर कम खर्च के बावजूद अपनी बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि करने में सक्षम रही हैं।
एसोचैम ने कहा कि पहले भारी प्रचार का उपयोग करने वाली शीर्ष टेलीकॉम कंपनियों ने वर्ष 2008-09 में विज्ञापन खर्च में तीन प्रतिशत की कटौती के बावजूद वायरलेस उपभोक्ताओं की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।
एसोचैम ने कहा कि विज्ञापन खर्च में कमी करने के बावजूद उनकी कुल बिक्री में 26.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
संस्था के अनुसार रिलायंस कम्युनिकेशन्स ने वर्ष 2008-09 में विज्ञापन खर्च में 26 प्रतिशत की कमी की, इसके बावजूद उसकी बिक्री में 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
एसोचैम के अनुसार शीर्ष दोपहिया वाहन निर्माताओं ने वर्ष 2007-08 की तुलना में विज्ञापन खर्च में वर्ष 2008-09 में 5.87 प्रतिशत की कटौती की। इसके बावजूद उनकी बिक्री में 2.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
उदाहरण के लिए टीवीएस मोटर्स ने वर्ष 2008-09 में अपने विज्ञापन खर्च में 12.02 प्रतिशत की कटौती की। इसके बावजूद उसकी बिक्री के आंकड़ों में 14.02 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications