महाराष्ट्र में शिवसेना-भाजपा के बीच सीटों का बंटवारा संपन्न
भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपीनाथ मुंडे ने मुंबई में संवाददाताओं को बताया कि तय समझौते के अनुसार विधानसभा की 288 सीटों में से शिवसेना 169 पर और भाजपा 119 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
वर्ष 2004 के चुनावों में शिवसेना ने 171 और भाजपा ने 117 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। गठबंधन को 119 सीटें हासिल हुईं थीं जबकि कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) गठबंधन का 139 सीटों पर विजयी रहा था।
भाजपा ने तटीय कोंकण क्षेत्र के रत्नागिरी जिले की गुहागढ़ सीट अनिच्छा से शिवसेना के लिए छोड़ी है। इस सीट से विधानसभा में विपक्ष के नेता रामदास कदम चुनाव लड़ेंगे।
यह सीट दोनों सहयोगियों के बीच खींचतान का कारण बन गई थी और इसे सुलझाने के लिए कथित तौर पर शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे को हस्तक्षेप करना पड़ा। बहरहाल मुंडे ने दावा किया कि गुहागढ़ और उत्तर पूर्व मुंबई की घाटकोपर सीट को लेकर गठबंधन में कोई मतभेद नहीं था।
संवाददाता सम्मेलन में उपस्थित शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनके पिता चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications