पंजाब विश्वविद्यालय में शोध प्रस्ताव के विषय को लेकर विवाद
चंडीगढ़, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। पंजाब विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में पीएचडी के लिए शोध के विषय को लेकर विवाद पैदा हो गया है।
संकाय के शिक्षक शोध के लिए कथित तौर पर यौन व अश्लील सामग्री को लेकर विभाजित हो गए हैं।
छात्रों के शोध विषयों को मंजूरी देने वाली विभाग की शोध डिग्री समिति (आरडीसी) ने शोध छात्र निपुन कालरा के शोध विषय पर अपना निर्णय टाल दिया है।
निपुन कालरा ने आईएएनएस को बताया, "समिति ने मुझे विषय और विषय वस्तु में विभिन्न बदलावों के बारे में बताया था। इस अवस्था में मेरे पास कोई दूसरा विकल्प न होने की वजह से मैं उनके निर्देश की प्रतीक्षा करूंगा।"
कालरा के विषय चयन का बचाव करते हुए समाजशास्त्र के प्रोफेसर और पंजाब विश्वविद्यालय अध्यापक संघ के अध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा, "कोई भी अपने शोध के लिए किसी भी विषय का चयन कर सकता है। इसके लिए कोई प्रतिबंध नहीं होना चाहिए।"
अंग्रजी विभाग के एक सदस्य ने तर्क दिया कि यदि इस विषय में कोई आपत्तिजनक बात है तो विषय पर चर्चा करने में कोई बुराई नहीं है।
अंग्रेजी विभाग के प्रमुख राना नायर ने आईएएनएस को बताया, "हमने इस विषय को आरडीसी की अगली बैठक तक स्थगित किया है। एक वरिष्ठ अध्यापक ने हमें बताया है कि इसमें बहुत सी आपत्तिजनक चीजें हैं और हम इसको नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications