भाजपा ने विधानसभा चुनावों के लिए पहली सूची जारी की (लीड-1)
पार्टी की ओर से यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की एक बैठक में उम्मीदवारों का चयन किया गया। बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता लाल कृष्ण आडवाणी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली और समिति के अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया।
तीनों विधानसभाओं के लिए आयोजित इस चुनाव को कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की लोकप्रियता की पहली बड़ी परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।
महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में भाजपा 119 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसमें से शनिवार को 66 उम्मीदवारों की घोषणा की गई। यहां भाजपा का शिवसेना के साथ गठबंधन है।
महाराष्ट्र के प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन को मुंबई के घाटकोपर पश्चिम सीट से टिकट दिया गया है।
हरियाणा के लिए पार्टी ने सभी 90 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। हरियाणा विधानसभा में वर्तमान समय में भाजपा का मात्र एक सदस्य है।
अरुणाचल प्रदेश की 60 सीटों में से पार्टी ने शनिवार को मात्र सात उम्मीदवारों की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।