राहुल गांधी को प्रभावित करने वाली कलावती चुनाव लड़ेंगी (लीड-1)
फसलें बर्बाद होने के बाद कर्ज न चुका पाने की स्थिति में पहुंचे महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में बहुत से किसानों ने आत्महत्या कर ली थी। राहुल गांधी के भाषण के बाद कलावती विदर्भ के किसानों के दुख का प्रतीक बन गई थी।
वीजेएएस के अध्यक्ष किशोर तिवारी ने आईएएनएस को बताया कि विदर्भ के जलका गांव की निवासी कलावती (48 वर्ष) 13 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में वानी विधानसभा सीट से उम्मीदवार होंगी।
तिवारी ने आईएएनएस से कहा, "अभी तक राजनीतिक नेता किसानों के नाम पर वोट के लिए जनता का शोषण करते रहे हैं। हमने कलावती को उम्मीदवार बना कर वाकई उन्हें सशक्त करने का फैसला किया है। हमें विश्वास है कि वह उन हजारों परिवारों के जीवन में रोशनी लाएंगी, जो दाल-रोटी से महरूम हो गए हैं।"
कलावती ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी साल भर पहले उनसे मिले थे। लेकिन जलका गांव की दशा आज तक नहीं बदल पाई है।
कलावती ने फोन पर कहा, "मैंने कांग्रेस से टिकट नहीं मांगा और न तो उस पार्टी के किसी व्यक्ति ने मुझे टिकट का प्रस्ताव दिया है। वीजेएएस ने मुझे टिकट का प्रस्ताव दिया और मैंने उसे स्वीकार कर लिया। यदि मैं चुनाव में सफल हुई तो राज्य के गरीब किसानों की सेवा करने की कोशिश करूंगी।"
उल्लेखनीय है कि राहुल ने पिछले वर्ष कलावती के गांव के दौरे में उसका दर्द जाना था और 22 जुलाई 2008 को संसदीय भाषण में उसका उल्लेख किया था।
तिवारी ने कहा कि पिछले दो वर्षो के दौरान पूरे विदर्भ क्षेत्र में 7,000 किसान आत्महत्या कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications