प्रधानमंत्री की सफाई के बाद थरूर मुद्दे पर मौन हुई कांग्रेस
नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर की विवादास्पद टिप्पणी (कैटल क्लास) को मजाक बताए जाने के बाद कांग्रेस इस मुद्दे पर मौन हो गई है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, "जो कहना था, वह कहा जा चुका है।"
तिवारी से जब यह पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने इस मुद्दे को दफन करने का फैसला कर लिया है, इस पर उन्होंने आईएएनएस से कहा, "हम इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं।"
इसके पहले थरूर ने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांग ली थी, लेकिन कांग्रेस ने कहा था कि वह उचित समय पर थरूर के खिलाफ उचित कार्रवाई करेगी।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी गैरजिम्मेदाराना बयान देने के लिए थरूर से इस्तीफे की मांग की थी।
गहलोत ने भी शनिवार को इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने शनिवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की।
गहलोत ने सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, "मुझे जो लगा था, वह मैंने कह दिया था। मेरे भीतर किसी के प्रति कोई दुर्भावना नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications