कैलीफोर्निया में बेरोजगारी दर 70 साल के उच्चतम स्तर पर
वाशिंगटन, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटने के संकेतों के बीच भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी पेशेवरों के पसंदीदा राज्य कैलीफोर्निया में बेरोजगारी की दर 70 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।
'ब्यूरो ऑफ लेबर स्टैटिक्स' के अनुसार लोगों के नौकरी खोने की दर में गिरावट के बीच कैलीफोर्निया की नई बेरोजगारी दर 12.2 फीसदी है। यह दर अमेरिका में बेरोगारी दर के राष्ट्रीय औसत 9.7 फीसदी से बहुत ज्यादा है।
समाचार पत्र न्यूयार्क टाइम्स ने कैलीफोर्निया रोजगार विकास विभाग के प्रवक्ता के हवाले से कहा है कि आकड़ों से पता चलता है कि 1940 में राज्य में बेरोजगारी दर 14.7 फीसदी थी।
वैश्विक मंदी के दौर में निर्माण, वित्त, रियल एस्टेट और निर्माण से जुड़े अन्य उद्योगों में काम कर रहे राज्य के करीब पांच लाख लोगों को अपनी नौकरियां गंवानी पड़ी है।
न्यूयार्क टाइम्स ने 'सेंटर फॉर कांटीन्यूइंग स्टडी ऑफ द कैलीफोर्निया इकोनॉमी' के अर्थशास्त्री और निदेशक स्टीफन लेवी के हवाले से कहा, "हम रियल एस्टेट सेक्टर में आई तेजी के केंद्र में थे और हम इस सेंक्टर में आए संकट के केंद्र में भी हैं। अन्य राज्यों की तुलना में हमारा आर्थिक प्रदर्शन खराब रहने का कारण यही सेक्टर है।
न्यूयार्क टाइम्स का कहना है कि हालांकि हाल के महीनों में कैलीफोर्निया की अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत दिखने के बावजूद निकट भविष्य में बेरोजगारी दर में गिरावट आने की उम्मीद नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications