एक किशोरी ने खुद को सार्वजनिक रूप से फांसी देने की मांग की
17 वर्षीय इस किशोरी का नाम है अनुषा। वह 12वीं कक्षा की छात्रा है। वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और अपना इलाज करवा रही है।
शुक्रवार को मजिस्ट्रेट को दिए अपने बयान में उसने कहा, "मेरे माता-पिता की हत्या करने और मेरे परिवार को बर्बाद करने वाले एम. राजेश कुमार को सार्वजनिक तौर पर फांसी पर लटकाया जाए या फिर मुझे सार्वजनिक फांसी दे दी जाए। तभी मुझे शांति मिलेगी।"
ज्ञात हो कि एम. राजेश कुमार ही वह शख्स है जिसने अनुषा पर चाकू से वार किया और उसके परिजनों की हत्या की। अनुषा को हालांकि उम्मीद नहीं है कि उसे न्याय मिल पाएगा।
राजेश कुमार 18 वर्ष का है और एक कूरियर एजेंसी में काम करता है। वह अनुषा को अक्सर परेशान किया करता था। गुरुवार की रात वह अनुषा के घर में घुस आया और उस पर चाकू से वार किया। इतने में उसके माता-पिता आ गए। राजेश ने उसके माता-पिता पर भी चाकू से कई वार किए। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में माता-पिता की मौत हो गई।
अनुषा के पड़ोसियों ने राजेश को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
इस घटना से प्रदेश के लोग सकते में हैं। गृह मंत्री पी. सविता इंद्र रेड्डी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि सरकार अनुषा और उसकी दो बहनों की सहायता के लिए हरसंभव कोशिश करेगी और उनकी पढ़ाई का खर्च उठाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications