सरकार चीन पर श्वेत-पत्र जारी करे : भाजपा
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "विश्वसनीय सूचना के अनुसार वर्ष 2008 में 233 बार चीनी घुसपैठ हुई तथा गत तीन महीनों के दौरान 76 बार घुसपैठ हुई। इसमें न केवल वास्तविक नियंत्रण रेखा का उल्लंघन शामिल है बल्कि चीन की सेना द्वारा भारत के भू-भाग में घुस आने और कई बार हेलीकॉप्टर द्वारा सीमा का अतिक्रमण करने की घटनाएं भी शामिल हैं।"
उन्होंने कहा, "जब ऐसी घटनाएं हो रही हैं तब यह देखकर दुख होता है कि जिन लोगों के कंधों पर हमारी विदेश नीति का भार है, वे सादगी दर्शाने की प्रतिस्पर्धात्मक राजनीति में उलझे हुए हैं तथा वे भारत के मध्यम वर्ग को पशु वर्ग के रूप में चित्रित कर रहे हैं। ये ऐसी बातें हैं, जिनकी घोर निंदा की जानी चाहिए।"
प्रसाद ने कहा कि चीनी घुसपैठ न केवल लद्दाख और अरूणाचल प्रदेश में बल्कि अब सिक्किम के आसपास भी हो रही है। यह बहुत ही चिंताजनक स्थिति है, क्योंकि राजग शासनकाल के दौरान चीन ने सिक्किम को औपचारिक रूप से भारत का हिस्सा स्वीकार कर लिया था। यह बेहद कष्टदायक और हैरानी पैदा करने वाली बात है कि भारत सरकार इसकी जान-बूझकर अनदेखी कर रही है तथा विदेश मंत्री ने इस तथ्य के बावजूद इसको सार्वजनिक रूप से मामूली घटना बताया है।
उन्होंने कहा, "भाजपा की मांग है कि सरकार भारत-चीन संबंधों के सभी आयामों पर तत्काल एक श्वेत-पत्र प्रकाशित करे, जिसमें सीमा पर हमारी तैयारी के बुनियादी ढांचे को सुधारा जाना तथा सुदृढ़ किया जाना भी शामिल हो।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications