दूरंतो एक्सप्रेस को ममता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया (लीड-1)
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने अपने बजट भाषण में किए गए वादे के मुताबिक 'दूरंतो एक्सप्रेस' सेवा की शुरूआत करते हुए सियालदह से नई दिल्ली के बीच पहली 'दूरंतो एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सियालदह-नई दिल्ली दूरंतो एक्सप्रेस सियालदह से चलकर सीधे नई दिल्ली में रूकेगी। राजधानी एक्सप्रेस यह दूरी 18 घंटों में तय करती है जबकि दूरंतो एक्सप्रेस यह दूरी 16 घंटे 30 मिनट में तय करेगी। मतलब राजधानी की अपेक्षा यह रेलगाड़ी आपका डेढ़ घंटे का समय बचाएगी।
इस रेलगाड़ी की गति सीमा 110 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। सियालदह से नई दिल्ली के बीच इसका कोई भी व्यावसायिक स्टॉपेज नहीं होगा जबकि इसी रूट की राजधानी एक्सप्रेस के छह व्यावसायिक स्टॉपेज है।
अगले हफ्ते चेन्नई से नई दिल्ली के बीच दूसरी दूरंतो एक्सप्रेस सेवा आरंभ होगी। आने वाले दिनों में अन्य मेट्रो शहरों से भी यह रेल सेवा आरंभ की जानी है।
दूरंतो के भी डिब्बे राजधानी और गरीब रथ जैसी रेलगाड़ियों के डिब्बों की ही तरह बने होंगे। यह स्टेनलेस स्टील के होंगे। हर डिब्बे की लंबाई 24 मीटर लंबी होगी और डिब्बों के बीच की दूरी 460 मिलीमीटर होगी। सामान्यत: डिब्बों की लम्बाई 22.3 मीटर और डिब्बों के बीच का अंतराल 960 मीटर होता है। सुरक्षा की दृष्टि से भी इसमें व्यापक प्रबंध रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications