इजरायल ने भी मुंबई में फिर हमले की आशंका जताई, अपने यात्रियों को चेताया (लीड-1)
इजरायल की आतंकवाद निरोधक इकाई की ओर से गुरूवार की रात में जारी एक बयान में कहा गया है कि मुंबई में गत वर्ष 26 नवंबर को हुए हमले के लिए जिम्मेदार तत्व पश्चिमी देशों और इजरायल के पर्यटकों को निशाना बना सकते हैं। बयान में कहा गया है कि उसके पास इस बारे में ठोस सूचनाएं हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक बयान में कहा गया कि यह खतरा निश्चित ही बहुत बड़ा है।
बयान में सलाह दी गई है कि फिलहाल भारत में रहने वाले इजरायलियों को उन स्थानों से दूर रहना चाहिए जहां पश्चिमी और इजरायली पर्यटक ज्यादा जाते हैं। वे खासतौर से उन इलाकों में न जाएं जहां सशस्त्र सुरक्षा के बंदोबस्त न हो।
बहरहाल भारतीय अधिकारी इस सिलसिले में इजरायली अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और उनसे अलकायदा तथा अन्य पाकिस्तानी आतंकवादी संगठनों के बारे में खुफिया जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
गौरतलब है कि भारत ने मुंबई हमले के लिए लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दावा को जिम्मेदार ठहराया है।
इसी बीच एक इजरायली राजनयिक ने स्पष्ट किया कि इजरायल की आतंकवाद निरोधक इकाई की ओर से दी गई सलाह का मतलब यह नहीं है कि इजरायली पर्यटकों को भारत में घूमने-फिरने से रोका जाए, बल्कि इसका मकसद पर्यटकों को सतर्क करना है कि वे भारत यात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में आने-जाने से बचें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications