श्रेष्ठ का अपहरण फिरौती के लिए किया गया था : पुलिस
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत विनायक ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के बाद यह बात सामने आई है कि फिरौती के लिए ही श्रेष्ठ का अपहरण किया गया था। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले का मास्टर माइंड निशांत वर्मा उर्फ रॉकी है जो पटना का ही रहने वाला है।
विनायक के अनुसार निशांत ने श्रेष्ठ के पड़ोसी वरूण तथा दसवीं वर्ग के छात्र शशि के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया तथा श्रेष्ठ को पटना के मौर्या होटल के समीप से अगवा कर छपरा जिले में शशि के चाचा विजय प्रकाश के घर में ले जाकर छुपा दिया।
उन्होंने बताया कि श्रेष्ठ को छोड़ने के एवज में बरौनी तथा मुजफ्फपुर से फोन कॉल आए थे जिनके आधार पर गुरुवार की शाम को श्रेष्ठ को पुलिस ने छपरा के बनियापुर थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव से बरामद किया था।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक निशांत, शशि और वरुण समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि श्रेष्ठ के एक पड़ोसी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार पांच लोगों में से तीन की उम्र 20 वर्ष से कम है।
उल्लेखनीय है कि पिछले सोमवार को श्रेष्ठ को तीन अज्ञात लोगों ने उस समय अगवा कर लिया था जब वह एक ऑटो पर सवार होकर अपने स्कूल जा रहा था।
श्रेष्ठ प्रथम वर्ग का छात्र है जबकि उसके पिता संजय कुमार श्रीवास्तव एक दवा कंपनी में ऊंचे पद पर कार्यरत हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications