कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 73 हुई
बेंगलुरू, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से दो और व्यक्तियों की मौत हो जाने के साथ ही राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 73 हो गई है। यह जानकारी एक स्वास्थ्य अधिकारी ने गुरुवार को दी।
इनमें से एक मौत बेंगलुरू और दूसरी बीजापुर में हुई। बेंगलुरू के एक निजी अस्पताल में नौ सितम्बर को दाखिल कराए गए 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने 15 सितम्बर को दम तोड़ दिया। इसके अलावा बीजापुर के एक निजी अस्पताल में 11सितम्बर को भर्ती कराई गई 40 साल की एक महिला की मौत अगले ही दिन हो गई।
अधिकारी ने बताया कि उन दोनों के स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की पुष्टि 16 सितम्बर को हुई।
इस बीच राज्य में बुधवार को इस बीमारी से संक्रमित लोगों के 14 नए मामले सामने आए। इनमें से आठ मामले बेंगलुरू, तीन बीजापुर और एक-एक मामला मैसूर, गड़ग और बेलगाम से सामने आया।
देशभर में इस बीमारी से अब तक करीब 6800 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 214 लोगों की इससे मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications