दलित नेताओं की मूर्तियां तोड़ी तो देश में कानून व्यवस्था बिगड़ेगी : मायावती
लखनऊ में कांशीराम ग्रीन गार्डेन की नींव रखने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए मायावती ने चेतावनी दी कि समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और कांग्रेस नेता दलित स्मारकों के निर्माण में जनहित याचिकाओं के माध्यम से बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। मुलायम ने तो यहां तक कहा है कि यदि वह सत्ता में आए तो इन स्मारकों पर बुलडोजर चलवा देंगे।
उन्होंने कहा, "स्मारकों को ध्वस्त करने का यदि कोई भी प्रयास हुआ तो देश भर में कानून-व्यवस्था की हालत चरमरा जाएगी।"
मायावती ने कहा कि कांग्रेस ने देश पर 50 से अधिक वर्षो तक शासन किया लेकिन किसी भी दलित नेता के नाम पर स्मारक और पार्क नहीं बनाए। उसने सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर स्मारक बनाए हैं।
फिजूलखर्ची रोको अभियान के तहत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा इकोनॉमी श्रेणी में और राहुल गांधी द्वारा रेलगाड़ी में सफर करने को मायावती ने ड्रामा करार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications