चुनाव में धांधली का आरोप लगाने वालों से करजई का व्यावहारिक होने का आग्रह
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार एक संवाददाता सम्मेलन में करजई ने कहा कि समस्याओं के बावजूद मतदान सफल रहा था और अफगानिस्तान के स्वतंत्र निर्वाचन आयोग और संयुक्त राष्ट्र समर्थित चुनाव शिकायत आयोग के परिणाम जारी करने के बाद ही उन्हें विजय घोषित किया जा सकता है।
अफगान चुनाव आयोग के अनुसार 20 अगस्त को हुए चुनाव में करजई कुल मतों का 54.6 प्रतिशत वोट पाकर विजयी हुए हैं। उनके प्रमुख प्रतिद्वंद्वी पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला अब्दुल्ला को 27.8 प्रतिशत मत मिले।
यूरोपीय संघ (ईयू) के चुनाव पर्यवेक्षकों के करीब 15 लाख मतपत्रों में हेराफेरी या छेड़छाड़ के संकेत देने के तुरंत बाद ही आरंभिक नतीजें जारी किए गए। यह संख्या कुल मतों का करीब एक चौथाई है।
ईयू पर्यवेक्षक मिशन के उप प्रमुख दमित्रि इयोनोयु ने कहा कि संदिग्ध वोटों में से करजई को करीब 11 लाख और अब्दुल्ला को तीन लाख वोट मिले हैं।
करजई ने गुरुवार को कहा कि अनियमितताओं की संख्या से वह स्तब्ध हैं लेकिन गड़बड़ियों के किसी भी आरोप की जांच चुनाव शिकायत आयोग करेगा।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को उन्होंने ईयू मिशन के दावे को आंशिक, गैर जिम्मेदार और अफगानिस्तान के संविधान से बेमेल बताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications