भारत के कारोबारी जगत में बढ़ रहा है विश्वास
वाशिंगटन, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। देश के शीर्ष व्यापार चैम्बर का कहना है कि वैश्विक मंदी का जोर खत्म होने के साथ ही भारत के कारोबारी जगत में निवेशकों का विश्वास बढ़ा है। इससे उद्योग के प्रमुख क्षेत्रों में विदेशी निवेश की गति तेज हो रही है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के महासचिव अमित मित्रा ने कहा, "निश्चित रूप से विदेशी संस्थागत निवेश की हलचल बढ़ी है और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश ने भी गति पकड़नी शुरू कर दी है।"
मित्रा ने गुरुवार को न्यूयार्क में शुरू हो रही संस्थागत निवेशकों के सम्मेलन से पहले आईएएनएस को फोन पर बताया, "जहां वैश्विक अर्थव्यवस्था अब भी वैश्विक मंदी की मार से कराह रही है भारत के प्रमुख क्षेत्रों मसलन स्टील, सीमेंट और ऑटो उद्योग का प्रदर्शन बेहतर हो रहा है।"
फिक्की व्यापार विश्वास सूचकांक में बढ़त का उल्लेख करते हुए मित्रा ने कहा, "हम अर्थव्यस्था में नजर आ रहे सकारात्मक तत्वों को और मजबूत बनाएंगे।" व्यापार विश्वास सूचकांक 2008-2009 की तीसरी तिमाही में गिर कर 44 पहुंच गया था। सूचकांक चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बढ़ कर 64 पहुंच गया है।
संस्थागत निवेशकों के सम्मेलन के आयोजन को समर्थन देने के अलावा फिक्की ने गुरुवार को अमेरिकी कारोबारियों के साथ प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव टी.के.ए नैयर, औद्योगिक नीति बढ़ावा विभाग के सचिव अजय शंकर और अमेरिका में भारत की राजदूत मीरा शंकर के साथ गोल मेज वार्ता भी आयोजित की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications