इंडोनेशियाई पुलिस कार्रवाई में नूरदीन ढेर (लीड-1)
जकार्ता, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडोनेशिया की पुलिस ने गत जुलाई में जकार्ता के दो प्रमुख होटलों पर आत्मघाती हमलों के मास्टरमाइंड और प्रमुख वांछित आतंकवादी नूरदीन मोहम्मद तोप को मध्य जावा प्रांत में मार गिराने का दावा किया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पुलिस ने कहा कि बुधवार देर रात मध्य जावा प्रांत में एक मकान की घेराबंदी कर चार संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया गया। इस मुठभेड़ में एक गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह महिला चारों आतंकवादियों के साथ थी।
देश के पुलिस प्रमुख बामबांग हेंडरसों से जब पूछा गया कि क्या मारे जाने वाले आतंकवादियों में नूरदीन भी शामिल है, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, "हां, हां।"
नूरदीन गत 17 जुलाई को जकार्ता के दो प्रमुख होटलों पर हुई बमबारी की घटना का प्रमुख आरोपी था। इस घटना में नौ लोग मारे गए थे। वर्ष 2003 के बाद इंडोनेशिया में हुए अन्य कई घातक आतंकवादी हमलों में भी वह आरोपी था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications