राहुल गांधी की रेलगाड़ी पर पथराव मामले में 3 हिरासत में
हरियाणा के रोहतक क्षेत्र के पुलिस महानिदेशक वी. कामराज ने आईएएनएस को बताया, "जांच के आधार पर हमने गुरुवार को पूछताछ के लिए घरौंडा गांव के तीन नवयुवकों को हिरासत में लिया है।
रेलगाड़ी के गार्ड का कहना था कि पथराव करने वाले युवक 16-17 साल के थे। इस आधार पर हम घरौंडा और आसपास के गावों के नवयुवकों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।"
कामराज ने हालांकि इस घटना के पीछे राजनीतिक पार्टियों के षड़यंत्र से इंकार किया। उन्होंने कहा, "इस मामले में कोई भी राजनीतिक पार्टी शामिल नहीं है। बहरहाल, हमारी जांच जारी है और हम जल्द ही आरोपी को पकड़ लेंगे।"
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी एक राजनीतिक कार्यक्रम में शरीक होने के बाद मंगलवार को रेलगाड़ी द्वारा लुधियाना से नई दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान हरियाणा में कुछ लोगों ने पत्थरों से रेलगाड़ी की तीन बोगियों पर हमला किया था।
इस घटना में रेलगाड़ी की सी-2, सी-4 और सी-7 बोगियों की खिड़कियों के शीशे टूट गए थे। राहुल गांधी सी-3 बोगी में यात्रा कर रहे थे। उनकी बोगी को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications