सहारनपुर जहरीली शराब कांड का सरगना गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार आरोपी हरियाणा से मिथाइल एल्कोहल और रेक्टीफाइड एसिड लाकर अवैध शराब तैयार करके पूरे इलाके में उसकी बिक्री करवाते थे।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित चंद्रा ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि अवैध शराब गिरोह के सरगना इस्लाम सहित सुशील, इलमचंद, यशपाल सिंह, कुलदीप और प्रवीण को मंगलवार शाम गिरफ्तार किया गया। प्रवीण हरियाणा के करनाल का रहने वाला है।
चंद्रा ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में 32 लोगों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना इस्लाम (35) देवबंद इलाके के तल्हेड़ी का रहने वाला है। वह प्रवीण से रेक्टीफाइड एसिड और मिथाइल एल्कोहल मंगवाकर जिले के शराब माफियाओं को उसकी आपूर्ति करता था। गिरोह रेक्टीफाइड एसिड और मिथाइल एल्कोहल से अवैध शराब बनाकर पाउच में पैक करके गांवों में उसकी बिक्री करवाता था।
उल्लेखनीय है कि देवबंद के आप-पास के गांवों में जहरीली शराब पीने से सिलसिलेवार 29 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब दो दर्जन लोगों का सहारनपुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इससे पहले लापरवाही बरतने के आरोप में अबकारी और पुलिस विभाग के 10 अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री मायावती ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications