राहुल गांधी की रेलगाड़ी पर हरियाणा में पथराव (लीड-1)
पानीपत (हरियाणा), 15 सितम्बर (आईएएनएस)। स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर मंगलवार की शाम घरौंदा कस्बे के पास शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। इसी रेलगाड़ी पर सवार कांग्रेस पार्टी के महासचिव राहुल गांधी लुधियाना से नई दिल्ली की यात्रा कर रहे थे। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन तीन बोगियों के खिड़कियों के शीशे टूट गए हैं।
पथराव की यह घटना हरियाणा में करनाल और पानीपत स्टेशनों के बीच रात लगभग 9.45 बजे घटी।
रेल में यात्रा कर रहे यात्रियों ने कहा है कि सी-2, सी-4 व सी-7 नंबर की बोगियों पर पथराव किया गया। पथराव के दौरान एक पत्थर रेलगाड़ी के भीतर भी जा गिरा।
राहुल गांधी सी-3 बोगी में सवार थे और उन्हें सुरक्षित बताया गया है। राहुल गांधी देश में सूखे के कारण पार्टी की ओर से खर्च में की जा रही कटौती के मद्देनजर रेल से यात्रा कर रहे थे। वह वातानुकूलित चेयर कार में सवार थे।
राहुल गांधी के साथ यात्रा कर रहे स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के जवानों ने तत्काल प्रभावित बोगियों की तलाशी ली और रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेलगाड़ी को पानीपत जंक्शन पर न रोका जाए।
यर रेलगाड़ी मंगलवार रात 11 बजे के थोड़े समय बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।
हरियाणा पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के जवान तत्काल पथराव स्थल पर पहुंच गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications