पूर्वोत्तर में खाद्य सुरक्षा पर पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है इग्नू
अगरतला, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नो) पूर्वोत्तर के क्षेत्रों के लिए टिकाऊ कृषि और खाद्य सुरक्षा पर विशेष पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है।
पूर्वोत्तर के आठ राज्य देश के 7.7 फीसदी भौगोलिक क्षेत्र में फैले हुए हैं लेकिन यहां पर देश के कुल अनाज उत्पादन का 1.5 फीसदी ही पैदा होता है। क्षेत्र के चार करोड़ लोगों में से 70 फीसदी कृषि और उससे जुड़े व्यवसायों पर निर्भर हैं।
इग्नो के एक प्रोफेसर ने आईएएनएस को बताया, "कृषि, शिक्षा और विस्तार सेवाएं कृषि के सामाजिक और आर्थिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती हैं। शिक्षा, जागरूकता और शोध व्यवस्था में मजबूती लाने के लिए इसे और सामयिक बनाने की जरूरत है।"
कृषि अनुसंधान और प्रशिक्षण के लिए इग्नों ने पिछले नवंबर में त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में एक राष्ट्रीय केंद्र की स्थापना की थी जो दूरस्थ शिक्षा के माध्यम मानव संसाधन विकास और आधारभूत उद्योगों के विकास के लिए है।
कृषि के क्षेत्र में औपचारिक शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा की क्षमता में वृद्धि करने के लिए सोमवार को एक बुद्धिशीलता सत्र का आयोजन किया गया था जिसमें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अधिकारियों सहित इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक, गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि और अलग-अलग राज्यों के अधिकारी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications