राहुल की ट्रेन पर 4-5 युवकों ने पत्थरबाजी की, गिरफ्तार कोई नहीं : पुलिस (लीड-1)
मामले की जांच कर रही हरियाणा पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने बताया है कि रेलवे फाटक के एक गार्ड ने 16-18 साल के चार-पांच युवकों को रेलगाड़ी पर पत्थर फेंकते देखा था।
यह घटना मंगलवार रात को पानीपत से 20 किलोमीटर दूर स्थित घरौंडा कस्बे के समीप हुई थी। पथराव में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन तीन कोच-सी-2, सी-4 और सी-7 क्षतिग्रस्त हो गए। सौभाग्य से कोई भी पत्थर कोच सी-3 पर नहीं लगा जिसमें राहुल गांधी सवार थे।
रोहतक क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक वी. कामराज ने कहा, " ऐसा लगता है कि इन्हीं युवकों ने रेलगाड़ी पर पत्थरबाजी की थी। कई सुरागों के आधार पर मामले की जांच की जा रही। इस घटना के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाने के लिए समीप के गांवों में लोगों से पूछताछ की जा रही है।"
उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस की टीम ने आसपास के गांवों में तलाशी ली और युवकों की पहचान करने की कोशिश की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications