तंबाकू उद्योग के लिए कर नीति पर विचार
इसका मसौदा तैयार करने के लिए स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय के अधिकारियों ने श्रम, कृषि और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों से चर्चा आरंभ कर दी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण इकाई में संयुक्त सचिव बी. के. प्रसाद ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के कार्यकारी समूह फ्रेमवर्क कन्वेंशन ऑन टोबैको कंट्रोल (एफसीटीसी) की पहली बैठक के उद्घाटन सत्र में कहा, "इस सिलसिले में बातचीत अभी शुरुआती स्तर पर हुई है। इसे आगे बढ़ाने के लिए अधिकारियों के एक अंतर-मंत्रालय दल का गठन किया जाएगा।"
इस तीन दिवसीय बैठक में 18 देशों और डब्ल्यूएचओ के अधिकारी शिरकत कर रहे हैं जिसमें आर्थिक दृष्टि से तंबाकू उत्पादन के विकल्पों पर विचार किया जाएगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री दिनेश त्रिवेदी ने तंबाकू के उत्पादन में कमी लाने की भारत की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा, "तंबाकू से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर के अलावा हमें इस दृष्टि से भी विचार करना होगा कि इसके उत्पादन और इससे जुड़े व्यवसायों पर आश्रित लोगों के जीवन पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा। इसके वैकल्पिक उपायों पर चर्चा होनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications