यूरोपीय संघ के मुताबिक अफगानिस्तान में 15 लाख मतों की धांधली हुई
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक चुनाव निरीक्षण मिशन की उप प्रमुख दिमित्रा इओनो कहती हैं कि 11 लाख मतदाताओं ने वर्तमान राष्ट्रपति हामिद करजाई के पक्ष में मत दिए हैं और 300,000 मत उनके प्रतिद्वंद्वी व पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला अब्दुल्ला को मिले हैं।
वह कहती हैं, "इन सभी मतों की जांच की जरुरत है।"
20 अगस्त को हुए राष्ट्रपति चुनाव में कुल 55 लाख मतदाताओं ने मत डाले थे। शुरूआती परिणामों के मुताबिक करजाई 54.3 प्रतिशत मत हासिल कर आगे चल रहे हैं, जो कि उनके पद को बरकरार रखने के लिए पर्याप्त बहुमत है।
चुनाव कराने वाला इंडिपेंडेंट इलेक्शन कमीशन (आईईसी) बुधवार की शाम शुरूआती परिणामों की घोषणा करेगा।
यूरोपीय संघ के मुख्य चुनाव निरीक्षक फिलिप मोरिलॉन ने योजनागत घोषणा को एक भूल बताते हुए इसकी आलोचना की है। यूरोपीय संघ के मिशन ने आईईसी से चुनावों में धांधली की जांच से पहले परिणामों की घोषणा करने से बचने के लिए कहा है।
मोरिलॉन तर्क देते हैं कि इस स्थिति में जीत का कोई भी दावा विश्वसनीय नहीं होगा। वह कहते हैं, "हमने धोखाधड़ी रोकने के लिए बड़े पैमाने पर कोशिश की थी, पर सफलता नहीं मिली।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications