कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 69 हुई
तीनों पीड़ितों की मौत बेंगलुरू में हुई है। दो लोगों की सरकारी अस्पताल में और एक अन्य की निजी अस्पताल में मौत हुई।
पीड़ितों में एक 17 वर्षीय लड़का और 27 व 24 वर्षीय दो महिलाएं शामिल हैं।
इस महीने की 13 तारीख को ये तीनों मौतें हुईं, हालांकि स्वास्थ्य अधिकारी के मुताबिक इन तीनों के वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि 15 सितम्बर को हुई।
एच1एन1 वायरस के त्वरित संक्रमण को रोकने के लिए बृहत बेंगलुरू महानगर पालिका (बीबीएमपी), स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर शहर के कई इलाकों में निगरानी कार्यक्रम चला रहा है।
बीबीएमपी के विशेष आयुक्त महेश्वर राव ने आईएएनएस से कहा, "बीबीएमपी क्षेत्रों में चल रहे सक्रिय निगरानी कार्यक्रम का तीसरा चरण पूरा हो गया है। इसके तरह 4,500 घरों की निगरानी की गई है। बेंगलुरू के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों के लिए चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम भी पूरे हो गए हैं।"
इस बीच राज्य में 19 नए ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस तरह संक्रमण की पुष्टि वाले मामलों की संख्या बढ़कर 793 हो गई है। नए मामलों में से 16 बेंगलुरू से, दो चिक्काबाल्लापुर और एक बागलकोट से है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications