चीनी के दावों पर कड़ा रुख अपनाए केंद्र : अरुणाचल सरकार
इटानगर, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। अरूणाचल प्रदेश सरकार ने मंगलवार को राज्य पर चीनी दावे के संदर्भ में केंद्र सरकार से कड़ी रुख अपनाने का आग्रह किया और राज्य में दलाई लामा के प्रस्तावित दौरे का विरोध करने पर चीन की निंदा की।
अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोर्जी खांडू ने आईएएनएस से कहा, " अरूणाचल प्रदेशपर चीन का दावा आधारहीन और गलत है। अरूणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है और बना रहेगा।"
चीन ने वर्ष 2003 में सिक्किम पर से दावा छोड़ दिया था लेकिन वह करीब करीब पूरे अरूणाचल प्रदेश को अपना इलाका बताता है।
अरूणाचल प्रदेश में चीन से लगी 1,030 किलोमीटर लंबी बाड़रहित सीमा है।
अरूणाचल प्रदेश से कांग्रेस सांसद तकाम संजय ने आईएएनएस से कहा कि भारत सरकार को अरूणाचल प्रदेश के मुद्दे पर अधिक मुखर रुख अपनाना चाहिए और चीन को स्पष्ट तरीके से जवाब देना चाहिए। चीन के लगातार दावों के बारे में भारत को एक स्पष्ट बयान देने की आवश्यकता है।
चीन ने पिछले सप्ताह भारत को तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को नवंबर में अरूणाचल प्रदेश के दौरे की अनुमति नहीं देने के लिए कहकर भी एक नया विवाद पैदा कर दिया है।
दलाई लामा नवंबर में अरूणाचल प्रदेश के तवांग मठ के दौरे पर जाने वाले हैं।
संजय ने कहा, "दलाई लामा के प्रस्तावित अरूणाचल प्रदेश दौरे में हस्तक्षेप करना चीन का काम नहीं है। हम दलाई लामा के दौरे का स्वागत करते हैं और उनके दौरे की सफलता सुनिश्चित करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications