आरुषि के सेल फोन का विवरण सार्वजनिक नहीं करेगी सीबीआई
में केंद्रीय जांच ब्यूरो(सीबीआई)ने मंगलवार को आरुषि तलवार के मोबाइल फोन का विवरण सार्वजनिक करने से इंकार कर दिया। हालांकि उसके माता-पिता को उम्मीद है कि इससे हत्यारे को पकड़ने में मदद मिल सकेगी।
पुलिस को यह मोबाइल फोन आरुषि और उसके परिवार के घरेलू नौकर हेमराज की हत्या के 16 महीने बाद बरामद हुआ है।
सीबीआई के प्रवक्ता हर्ष बहल ने कहा, "जांच कार्य जारी है। निष्पक्ष जांच के लिए तथा सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के मुताबिक सीबीआई फिलहाल मोबाइल का विवरण मीडिया को जारी नहीं करेगी।"
आरुषि का नोकिया एन 72 मोबाइल फोन इस हत्याकांड के सिलसिले में एक अहम सुराग है। यह फोन उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से शनिवार को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बरामद किया।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया, "आरुषि का फोन दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बरामद किया है और उसे सीबीआई के सुपुर्द कर दिया गया है।"
बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक जे.के.साही ने बताया कि तलवार परिवार के यहां नौकरानी के रूप में कार्य कर चुकी एक महिला ने यह मोबाइल बुलंदशहर के रामभूल नाम के एक निवासी को दिया था। तभी से वह उस फोन का इस्तेमाल कर रहा था। रामभूल को गिरफ्तार करके पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया है।
आरुषि की मां नूपुर तलवार ने पुलिस की इस कामयाबी को आशा की किरण करार दिया है। उन्होंने कहा, "हम रोजाना इंतजार और प्रार्थना कर रहे थे कि सीबीआई की ओर से कुछ जरूर सामने लाया जाएगा। मैं प्रार्थना करती रहूंगी और उम्मीद है कि हत्यारे जल्द पकड़े जाएंगे। "
आरुषि के पिता राजेश तलवार ने कहा, "मुझे लगता है कि मोबाइल फोन अहम सुराग है और इससे दोषियों को पकड़ने में मदद मिलेगी।"
उल्लेखनीय है कि आरुषि की गत वर्ष 16 मई को नोएडा के जलवायु विहार में उसके घर में हत्या कर दी गई थी और अगले दिन परिवार के नौकर का शव भी घर की छत से बरामद हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications