हिमाचल की चोटीं से 19 सैनिक बचाए गए
पिन पार्बती दर्रे की चोटी पर चढ़ाई कर रहे ये सैनिक लगातार बारिश और हिमपात के कारण 14,600 फुट की ऊंचाई पर आठ सितंबर से ही फंसे पड़े थे।
कुल्लू जिले के पुलिस अधीक्षक के.के.इंदोरिया ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "पठान कोट की एडी रेजीमेंट के पर्वतारोहियों को रविवार को बचा लिया गया। वे पिन घाटी में पिछले कई दिनों से खराब मौसम के कारण फंस गए थे।"
सैनिक कुल्लू जिले के मानिकराम के पास खीर गंगा से लाहौल व स्पीति जिले की पिन घाटी के लिए नियमित पर्वतारोहण पर निकले थे।
भारतीय वायुसेना ने सेना के साथ मिल कर 19 पर्वतारोहियों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया।
इस दल को तत्काल बचाने की गुहार हो रही थी क्योंकि दल के पास राशन खत्म हो चला था और वे आगे बढ़ने या पीछे लौटने की स्थिति में नहीं थे। विग कमांडर निखिल नायडू के नेतृत्व में आधुनिक हल्के हेलीकॉप्टर (ध्रुव) पर सहचालक विग कमांडर यू. के. एस. दौरिया के साथ बचाव मिशन को भेजा गया ।
सेना के तीन चीता हेलीकाप्टरों को भी बचाव मिशन का कार्य सौंपा गया। अत्यधिक ऊंचाई और निम्न तापमान के बावजूद मिशन की सुरक्षा सुनिश्चित कराने का पूरा दायित्व इन जांबाजों पर था। ध्रुव हेलीकॉप्टर एएलएच ने तीन दौर में 12 सैनिकों को बचा लिया और अन्य 7 सैनिकों को सेना के चीता हेलीकाप्टरों ने बचा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications