मंत्री ने ग्रामीण रोजगार योजना में भ्रष्टाचार स्वीकारा
जोशी ने संवाददाताओं से कहा, "मैं भ्रष्टाचार की शिकायतों से अवगत हूं। हम योजना के कार्यान्वयन में कमजोरियों को दूर करने के लिए एक व्यवस्था विकसित कर रहे हैं। हम एक ऐसा स्थान उपलब्ध कराने का प्रबंध कर रहे हैं जहां देश के विभिन्न हिस्सों के प्रमुख लोग अनियमितताओं को सामने ला सकें।"
अपने मंत्रालय के तीन महीने के कार्य का ब्योरा देने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जोशी ने कहा कि योजना के कार्यान्वयन का मौके पर निरीक्षण करने के लिए वह जल्द से जल्द सभी राज्यों का दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि योजना के कार्यान्वयन में सुधार के लिए न्यायिक अधिकारियों के सुझाव हासिल करने के लिए वह शीघ्र ही उनकी एक बैठक बुलाएंगे।
मंत्री ने कहा कि स्वतंत्र निगरानी तंत्र के अंग के रूप में पूरे देश से 100 प्रमुख व्यक्तियों की पहचान योजना की प्रगति की रिपोर्ट देने के लिए की जाएगी।
जिन राज्यों में रोजगार गारंटी योजना का कार्यान्वयन धीमा है, उनके बारे में पूछे जाने पर जोशी ने कहा, "कुछ राज्यों में यह बहुत खराब है। बिहार ने केंद्र से मंजूर 1,300 करोड़ रुपये का उपयोग नहीं किया और अन्य भी राज्य हैं जहां 100 दिन का रोजगार सृजन नहीं किया गया।"
जोशी ने योजना के अंतर्गत लोगों की शिकायतों की सुनवाई के लिए जिला स्तर पर एक लोकपाल की नियुक्ति करने की बात को भी दोहराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications