फिजूलखर्ची रोको अभियान 'ड्रामा' लग रहा विपक्षी दलों को
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "परेशान आम जनता के लिए जमीन पर क्या काम हो रहा है, यह महत्वपूर्ण है। महज दिखावा करना बेहद हास्यास्पद लगता है।"
उन्होंने कहा, "हाल ही में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री सी. पी. जोशी को पत्र लिखकर उनके प्रदर्शन पर नाखुशी जताई थी। इस तरह पत्र लिखना दिखावे का सूचक है। असल में तो कार्रवाई होनी चाहिए।"
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता बासुदेव आचार्य ने कहा कि महंगाई बढ़ रही और किसान आत्महत्या कर रहे हैं। ऐसे में यह दिखावा और ड्रामेबाजी नहीं तो और क्या है।
उन्होंने कहा, "इस सरकार को आम आदमी से कोई मतलब नहीं है। देश की मौजूदा समस्याओं को देखते हुए मैं तत्काल संसद का सत्र बुलाए जाने की मांग करता हूं।"
समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद कमाल अख्तर ने कहा, "यह पूर्व नियोजित ड्रामेबाजी है। एक या दो बार इकोनॉमी क्लास में सफर करके अर्थव्यवस्था को पटरी पर नहीं लाया जा सकता। इसकी जगह सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार को दूर करने की कोशिश की जानी चाहिए।"
गौरतलब है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार द्वारा फिजूलखर्जी रोकने के लिए चलाए गए अभियान के तहत सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल्ली से मुंबई का हवाई सफर इकोनॉमी क्लास में तय किया था।
सोनिया के नक्शे कदम पर चलते हुए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने भी मंगलवार को नई दिल्ली से लुधियाना तक का सफर शताब्दी एक्सप्रेस की चेयर कार बोगी में तय किया।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications