पटना से अगवा बच्चे का अब तक सुराग नहीं
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने मंगलवार को बताया कि पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत विनायक के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर दिया गया है जिसमें पटना के नगर पुलिस अधीक्षक मनु महाराज को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह दल श्रेष्ठ के मामले की गहन जांच कर रहा है तथा श्रेष्ठ का पता लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर रहा है।
पटना के पुलिस महानिरीक्षक पी़ एऩ राय ने मंगलवार को बताया कि ऑटो चालक राजू ने पुलिस को अपहरणकर्ताओं के विषय में जो जानकारी दी है उसी के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही श्रेष्ठ का पता चल जायेगा।
श्रेष्ठ के पिता संजय कुमार श्रीवास्तव एक दवा कंपनी में उंचे पद पर कार्यरत हैं। पुलिस के अनुसार अभी तक श्रेष्ठ के घर में किसी प्रकार की फिरौती की मांग को लेकर कोई टेलीफोन नहीं आया है। उल्ल्ेखनीय है कि पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में सोमवार को मौर्या होटल के समीप से श्रेष्ठ संजय का उस समय तीन अज्ञात लोगों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया था जब वह एक ऑटो पर सवार होकर स्कूल जा रहा था।
श्रेष्ठ पटना स्थित क्राइस्ट चर्च स्कूल के प्रथम वर्ग के सेक्शन बी का छात्र हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications