चीन की घुसपैठ से लद्दाख निवासी चिंतित नहीं
बीनू जोशी
जम्मू, 15 सितम्बर (आईएएनएस)। लद्दाख के निवासी मीडिया में हाल में आईं चीनी घुसपैठ के समाचारों से चिंतित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विवादित और अभी तक अनिर्धारित सीमा पर ऐसी घुसपैठें आम हैं।
लद्दाख में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद पी.नामग्याल ने लेह से आईएएनएस को टेलीफोन पर बताया, "इस विशाल अनिर्धारित सीमा पर एक दूसरे के क्षेत्राधिकार में घुसपैठ एक नियमित घटना है।"
उन्होंने बताया कि पशु, भेड़, बकरियां और याक एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में घुसते रहे हैं और पशुपालक उनको वापस लाने के लिए उनके पीछे जाते हैं। यह लंबे समय से होता आ रहा है लेकिन पता नहीं क्यों अब लोग इस पर इतना ध्यान दे रहे हैं और इसे गलत बताकर हंगामा कर रहे हैं।
नामग्याल को आशंका है कि शीघ्र ही ऐसा ही कुछ उत्तराखंड सीमा पर भी हो सकता है।
उन्होंने कहा कि पूर्वी लद्दाख के चांगतहेंग इलाके में जो कुछ हुआ वह उतना गंभीर नहीं है जितना कि उसे बताया जा रहा है।
सेना के अधिकारियों में से भी एक ने नामग्याल के रुख से सहमति जताते हुए कहा कि घुसपैठ की सूचनाओं में कुछ भी नया नहीं है लेकिन पता नहीं क्यों अचानक यह मीडिया की सुर्खियों में आ गया।
अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर सैन्य अधिकारी ने कहा कि रेल, सड़क और इमारतों के निर्माण के कारण चीनी क्षेत्र में कुछ हलचल है। उसने जोर दिया कि चिंता का कोई कारण नहीं है क्योंकि भारतीय सीमा में कोई चीनी सैन्य घुसपैठ नहीं हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications