मुझे तरह-तरह से यातना दी गई : मुंतजर जैदी (लीड-1)
इराकी प्रशासन द्वारा मंगलवार को रिहा किए गए जैदी ने जेल से बाहर आने के बाद कहा कि जेल में उन्हें बिजली के झटके देने के साथ-साथ रोज पीटा जाता था। जैदी के मुताबिक इराकी सुरक्षा बल उन्हें खूब यातना दिया करते थे।
जैदी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि पिछले साल दिसंबर में हिरासत में लिए जाने के बाद उन्हें काफी देर तक बेहद ठंडे पानी में सिर तक डुबाकर रखा गया था और फिर रात भर कड़कड़ाती ठंड में बिना कपड़ों के छोड़ दिया गया था।
जैदी ने कहा, "इराकी प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी यह कहते नहीं थक रहे थे कि वह तब तक सो नहीं सकते जब तक कि वह यह सुनिश्चित नहीं कर लेते कि मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं लेकिन दूसरी ओर मुझे तरह-तरह से यातना दी जा रही थी। मैं चाहता हूं कि हिरासत के दौरान मुझे यातना देने की बात जनता से छुपाने के लिए मलिकी माफी मांगें।"
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार रिहाई के बाद जैदी के नियोक्ता अल-बगदादिया टीवी चैनल ने पारंपरिक संगीत और फूलों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। जैदी को नौ महीने जेल में बिताने के बाद सोमवार को ही रिहा किया जाना था लेकिन कागजी कार्रवाई में विलंब के कारण उनकी रिहाई तय समय पर नहीं हो सकी थी।
बुश पर जूता उछालने के लिए जैदी को शुरुआत में तीन वर्ष की सजा दी गई थी, लेकिन अपील पर उनकी सजा की अवधि घटाकर एक साल कर दी गई थी। उसके बाद जेल में अच्छे व्यवहार के कारण जैदी की सजा और घटा कर नौ महीने कर दी गई थी।
इराकी जनता ने जैदी के सम्मान में जूते के आकार वाली विशालकाय प्रतिमा तैयार करवाई है। लीबिया के नेता मुअम्मर अल-गद्दाफी ने कहा कि जैदी को लीबिया के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा जाएगा। वहीं कतर के अमीर ने इराकी पत्रकार को सोने का घोड़ा देने का वादा किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications