कुशल चिकित्सकों को आकर्षित करने में झारखण्ड सरकार विफल
राज्य में 3000 चिकित्सकों की आवश्यकता है, जबकि 800 पदों को भरने के लिए केवल 375 उम्मीदवारों ने परीक्षा में भाग लिया। ज्यादातर उम्मीदवारों ने इस परीक्षा में 20 प्रतिशत से भी कम अंक हासिल किए।
राज्य सरकार द्वारा अनुबंध के आधार पर 800 चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया था लेकिन केवल 439 उम्मीदवारों ने ही आवेदन किया। लिखित परीक्षा 12 सितंबर को आयोजित की गई जिसमें 375 उम्मीदवार शामिल हुए।
मंगलवार को घोषित परीक्षा परिणाम के बाद उम्मीदवारों को प्राप्त अंकों की स्थिति देखकर अधिकारी काफी सकते में थे। 375 उम्मीदवारों में से 20 प्रतिशत से ज्यादा उम्मीदवारों ने 20 प्रतिशत से भी कम अंक हासिल किए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "हमने चिकित्सकों की सूची तैयार नहीं की है। हम न्यूनतम जरूरी अंक निश्चित करेंगे और उसके बाद ही अनुबंध के आधार पर चिकित्सकों की नियुक्ति होगी।"
झारखण्ड अनुबंध चिकित्सक संघ(जेसीडीए)के अध्यक्ष विमलेश कुमार सिंह ने आईएएनएस को बताया,"अनुबंधित चिकित्सकों की सेवा शर्ते बहुत ही खराब हैं। उनका वेतन काफी कम है और अनुबंधित चिकित्सकों की सुविधाओं को नहीं बढ़ाया गया है।"
उल्लेखनीय है कि झारखण्ड में अनुबंधित चिकित्सकों को 20,000 रूपये प्रति माह वेतन दिया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications