सरकार का सीमा पर चीनी सैनिकों की गोलीबारी से इंकार
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने कहा, "एलएसी (वास्तविक नियंत्रण रेखा) पर चीनी सेनाओं की गोलीबारी में आईटीबीपी (भारत तिब्बत सीमा पुलिस) के दो जवानों के घायल होने संबंधी एक मीडिया रिपोर्ट संज्ञान में आई है। यह रिपोर्ट तथ्यात्मक रूप से गलत है।"
समाचार पत्र 'टाइम्स ऑफ इंडिया' ने दावा किया था कि उत्तरी सिक्किम के केरांग इलाके में एक पखवाड़े पहले गोलीबारी हुई थी। एक शीर्ष खुफिया अधिकारी के हवाले से दी गई रिपोर्ट में कहा गया था कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे गुप्त रखा गया।
हाल के समय में भारतीय इलाकों में चीनी सैनिकों की घुसपैठ ने भारत के कुछ हलकों में चीन के अक्रामक इरादों को लेकर चिंता पैदा कर दी है।
बहरहाल सरकार ने घुसपैठ की घटनाओं को महत्वहीन करने का प्रयास करते हुए कहा कि वास्तविक नियंत्रण रेखा की स्थिति के बारे में मतभेद के कारण सीमा पर ऐसी घटनाएं सामान्य हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications