पूर्वोत्तर के आतंकवादियों से हाथ मिलाना चाहते हैं नक्सली : चिदंबरम
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। देश में बढ़ती नक्सली हिंसा की घटनाओं की ओर संकेत करते हुए गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने सोमवार को कहा कि नक्सलवादी अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए पूर्वोत्तर के आतंकवादियों से संबंध स्थापित कर रहे हैं।
राज्यों के पुलिस प्रमुखों के सम्मेलन में चिदंबरम ने कहा कि नक्सली अपना प्रभाव क्षेत्र बढ़ाने के लिए पूर्वोत्तर के अलगाववादियों और आतंकवादियों से गठबंधन करना चाहते हैं..वे उनकी अलगाववादी मांग का समर्थन भी कर रहे हैं।
नक्सलवादियों की बढ़ती हिंसा के साथ ही ज्यादा नुकसान पहुंचाने के लिए उनके हमलों में हो रहा अत्याधुनिक तरीकों का इस्तेमाल भी चिंता का कारण है।
चिदंबरम ने कहा कि नक्सलवादी पुलिस कर्मियों, पुलिस के मुखबिरों और सुरक्षा बलों पर हमला करने के साथ ही सड़कों और पुलों जैसे आधारभूत ढांचों को भी निशाना बना रहे हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि आगामी पांच वर्षो में एक आधुनिक पुलिस कानून, बड़े शहरों में पुलिस व्यवस्था, फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं का आधुनिकीकरण और जेल सुधारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications