स्वाइन फ्लू से 3 की मौत, मृतकों की संख्या 191 हुई (लीड-1)
देश में रविवार को 220 नए मामले सामने आए हैं और अब फ्लू पीड़ितों की संख्या 6,359 हो गई है।
कर्नाटक में स्वाइन फ्लू की वजह से दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू की वजह से बेंगलुरू में 29 वर्षीय महिला की एक निजी अस्पताल में शनिवार को मौत हो गई। कोलार में एक निजी अस्पताल में भर्ती 60 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इन दोनों की जांच रिपोर्ट 13 को मिली जिसमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
दिल्ली में स्वाइन फ्लू की वजह से एक तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस तरह राज्य में फ्लू से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है।
राज्य के स्वास्थ्य सचिव जे.पी. सिंह ने आईएएनएस से कहा, "बच्चे को कुछ दिन पहले बाड़ा हिंदू राव अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को उसकी मौत हो गई।"
दिल्ली की स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया के मुताबिक राज्य में अब तक 1345 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 1201 को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। 144 मरीजों का फिलहाल इलाज चल रहा है।
सोमवार को सामने आए नए मामलों में दिल्ली में 85, महाराष्ट्र में 49, तमिलनाडु में 31, हरियाणा में 24, और कर्नाटक में 14 शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications