विधानसभा उपचुनावों में भाजपा ने मारी बाजी (राउंडअप)

गुजरात विधानसभा की सात सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की वहीं कांग्रेस ने केवल दो सीटों पर जीत हासिल की। पहले इन सात सीटों में से छह सीटें कांग्रेस के पास थी। जिन पांच सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है उनमें देहगाम, दांता, सामी, चोटिला और जसदान शामिल है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा से कोदिनार सीट छीन ली है। कांग्रेस ने धोराजी सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।

मध्य प्रदेश की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में गई। तेंदुखेड़ा विधानसभा सीट को कांग्रेस से झटकने में भाजपा सफल रही जबकि कांग्रेस गोहद विधानसभा सीट बचाने में सफल रही।

आंध्र प्रदेश में सहानुभूति लहर के बीच सत्ताधारी कांग्रेस ने पिछले हफ्ते हुए उपचुनाव में तेक्काली विधानसभा सीट जीत ली। कांग्रेस ने इस सीट पर दिवंगत विधायक के.रेवतीपति की पत्नी के.भारती को चुनाव मैदान मैदान में उतारा था। रेवतीपति का जून महीने में निधन हो गया था। भारती ने तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के के.अचान नायडू को 7,173 वोटों से पराजित किया।

कांग्रेस को 59,250 वोट मिले, जबकि तेदेपा को 52,077 वोट मिले। अभिनेता से नेता बने चिरंजीवी की प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) तीसरे स्थान पर रही और उसे 17,858 वोट हासिल हुए।

समझा जाता है कि दो सितंबर को मुख्यमंत्री वाई.एस.राजशेखर रेड्डी की एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई मौत से उपजी सहानुभूति ने भी भारती की जीत में भूमिका निभाई।

उत्तराखंड की विकासनगर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही राज्य विधानसभा में भाजपा ने अपने दम पर बहुमत प्राप्त कर लिया है। 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा सदस्यों की संख्या अब 36 हो गई है। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी।

सिक्किम की नामचीसिंगथाम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में एसडीएफ ने सफलता हासिल की। इसके साथ ही विधानसभा की सभी 32 सीटों पर एसडीएफ का कब्जा हो गया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+