सोनिया गांधी ने महाराष्ट्र में चुनाव अभियान की शुरुआत की
सोनिया गांधी यहां पार्टी के नए मुख्यालय 'राजीव गांधी भवन' का उद्घाटन करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं। गांधी ने कहा कि देश की आम जनता को न्याय दिलाना व उसकी सेवा करना कांग्रेस का हमेशा से लक्ष्य रहा है।
गांधी ने कहा, "मुंबई और महाराष्ट्र से कांग्रेस का गहरा जुड़ाव रहा है। कांग्रेस यहीं पैदा हुई है। दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भारत के लिए 21वीं सदी का अपनी परिकल्पना भी मुंबई में ही प्रस्तुत की थी।"
राज्य विधानसभा के लिए 13 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए गांधी ने कहा कि मुंबई सिर्फ देश की ही शान नहीं है, बल्कि यह दुनिया के महान शहरों में से एक है। इस शहर के लोग विभिन्न संदर्भो में देश की अगुआई कर रहे हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, मुंबई इकाई के अध्यक्ष कृपाशंकर सिंह, मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण, उनकी सरकार में मंत्री नारायण राणे, मुंबई के कई सांसद, विधायक और नगर सेवक मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications